अलीगढ़, 8 जूनः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वीमेन्स कालिज और अब्दुल्लाह हाल द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित समर कोचिंग कैम्प का उद्घाटन जिमखाना क्लब के अध्यक्ष डा. जमील अहमद, वीमेन्स कालिज की प्रिन्सिपल प्रोफेसर नईमा खातून और अब्दुल्लाह हाल की प्रोवोस्ट प्रोफेसर गजाला नाहीद की उपस्थिति में हुआ।
बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और ताइक्वांडो के खेल में आवासीय छात्राओं के लिए पांच शिविर वीमेन्स कॉलेज मैदान में आयोजित किए जाएंगे। जबकि क्रिकेट समर कोचिंग कैंप अब्दुल्लाह हाल ग्राउन्ड पर होगा। यह शिविर 25 जून तक चलेंगे।
डा. जमील अहमद, वीमेन्स कॉलेज की प्राचार्य, प्रो नईमा खातून तथा प्रोफेसर गजाला नाहीद ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उच्च दर्जे की खेल भावना वाली सभी छात्राओं के लिए एक अवसर है। खेल प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश सबसे अच्छा समय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ शारीरिक एवं व्यक्तित्व का विकास भी आवश्यक है जिसको विभिन्न खेलों में भाग लेकर विकसित किया जा सकता है।
कैम्प की आयोजक एवं स्पोर्ट्स डायरेक्टर डा. नाजिया खान और अब्दुल्लाह हाल की गेम्स सुपरवाइजर सुश्री महविश खान ने बताया कि इस ग्रीष्म कालीन शिविर में बास्केट बाल में 50, वालीवाल में 30, बैडमिंटन में 40, ताइकवांडो में 20, टेबिल टेनिस में 10 और क्रिकेट में 40 छात्राओं ने अपना पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि यह कैम्प वीमेन्स कालिज के मैदान में आयोजित हो रहा है।
इस ग्रीष्म कालीन शिविर में नाजिया खान और महविश खान के अलावा यूनिवर्सिटी वालीवाल कोच सरदार हसन, जाकिर रजा, सना रजा तथा तसकीन जहीर छात्राओं को खेल प्रशिक्षण प्रदान करेंगी।








