अलीगढ़, 9 मार्चः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के डा. बीआर अम्बेडकर हाल में छात्रों के लिये मेंटरशिप कार्यक्रम का आयोजन मुस्कुराहट वैलफेयर सोसायटी के सहयोग से किया गया। जिसकी अध्यक्षता करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा कि दृढ़ निश्चय एवं लगातार परिश्रम और समर्पित भाव से अध्ययन के द्वारा ही किसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि छात्रों को अपना बहुमूल्य समय न गंवाते हुए अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केन्द्रित करना चाहिये और विश्व में घटित होनी वाली प्रमुख घटनाओं से भी परिचित रहना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिये।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि श्री मोहम्मद जफर एवं अतिरिक्त न्यायधीश श्रीमती आसिफा राना ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया और छात्र व छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिये प्रोत्साहित किया।
अम्बेडकर हाल के प्रवोस्ट प्रोफेसर हशमत अली खान ने कहा कि कठिन परीश्रम ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के प्रोक्टर प्रोफेसर वसीम अली और डिप्टी प्रोक्टर डा. अली नवाज जै़दी ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। कार्यक्रम का संचालन मुस्कुराहट वैलफेयर सोसायटी के सचिव सैयद अब्दुल रहमान और संस्थापक सदस्य सैयद कैफ हसन ने किया। अध्यक्षा नायला खान और उपाध्यक्ष इमरान आमिर ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर हाल के वार्डन लियाकत अली खान, फुरकान खान, मोहम्मद शाकिर, असद बिन सआदत के अलावा बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए।








