
अलीगढ़, 3 नवंबरः अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के आवासीय कोचिंग अकादमी (आरसीए), 2021 बैच के आईपीएस मोहिबुल्लाह अंसारी और 2020 बैच के आईआरटीएस सैफुल्लाह ने छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें सिविल सेवाओं में सफल होने के लिए प्रेरित किया और उन्हें सफलता के गुरों के बारे में बताया।
दोनों युवा अधिकारियों ने सिविल सेवा की चुनौती का सामना करने के लिए पाठ्यक्रम विकास और योजना में अपने अनुभव साझा किए। श्री सैफुल्ला ने कहा कि विद्यार्थियों को लगातार अखबार पढ़ना चाहिए और लिखने का अभ्यास करना चाहिए ताकि उनके उत्तर बेहतर हों। अंसारी ने कहा कि एक कार्यक्रम के साथ अध्ययन करने से व्यवस्थित तैयारी होगी और नकारात्मक विचार नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास भी एक वांछनीय गुण है जिसका मन और मस्तिष्क पर अच्छा प्रभाव पड़ता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आरसीए के निदेशक प्रो. इमरान सलीम ने कहा कि आरसीए अपने छात्रों को सभी कोचिंग सुविधाएं और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारी कड़ी मेहनत और लगन से हमारे छात्र यूपीएससी की प्रतियोगी परीक्षा में सफल हो सकते हैं।उप निदेशक प्रो. आसिया चौधरी ने अतिथि वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट किए। डा. सबलू खान ने आभार व्यक्त किया, जबकि मुहम्मद तारिक ने कार्यिक्रम का संचालन किया।———————-








